नई दिल्ली। आज केंद्र सरकार द्वारा सोने और चांदी पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाने के फैसले के बाद बाजार में भारी उछाल देखने को मिला है। सरकार ने इंपोर्ट ड्यूटी को 6% से बढ़ाकर 15% कर दिया है, जिसके चलते घरेलू बाजार और MCX में सोना-चांदी की कीमतें तेजी से बढ़ गईं। बुधवार को जारी आदेश के बाद 10 ग्राम सोने की कीमत में करीब 10 हजार रुपये और एक किलो चांदी में लगभग 18 हजार रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई। नए रेट के मुताबिक 10 ग्राम सोना करीब 1.63 लाख रुपये तक पहुंच गया, जबकि चांदी 2.97 लाख रुपये प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही है।

सरकार ने सोने पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लागू किया है, जिससे कुल टैक्स 15% हो गया है। सरकार का मानना है कि, इस फैसले से विदेशी आयात कम होगा और देश के विदेशी मुद्रा भंडार पर पड़ रहा दबाव घटेगा। अमेरिका-ईरान तनाव और डॉलर के मुकाबले रुपये में कमजोरी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। हालांकि, ज्वेलरी कारोबार से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि, बढ़ी हुई ड्यूटी से तस्करी और अवैध कारोबार बढ़ सकता है। साथ ही आम ग्राहकों के लिए शादी और निवेश के लिए सोना खरीदना अब और महंगा पड़ सकता है। उद्योग जगत को आशंका है कि, आने वाले दिनों में मांग में गिरावट भी देखने को मिल सकती है।
