मोदी सरकार का बड़ा फैसला: सोना-चांदी खरीदना हुआ महंगा, रातोंरात बढ़ा आयात शुल्क

Follow Us

नई दिल्ली। देश में सोना-चांदी खरीदना अब पहले से ज्यादा महंगा हो गया है। केंद्र सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया है। नई दरें 13 मई 2026 की आधी रात से लागू हो चुकी हैं। सरकार के इस फैसले के बाद बाजार में सोना और चांदी की कीमतों में तेज उछाल देखने को मिला है। सरकार ने सोने पर बेसिक कस्टम ड्यूटी बढ़ाकर 10 प्रतिशत कर दी है, जबकि 5 प्रतिशत कृषि अवसंरचना एवं विकास उपकर (AIDC) जोड़ा गया है। इसके साथ कुल प्रभावी टैक्स 15 प्रतिशत पहुंच गया है। विशेषज्ञों का मानना है कि, इससे सोने की कीमत में करीब 2000 रुपये प्रति 10 ग्राम तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

सरकार का कहना है कि, यह फैसला विदेशी मुद्रा भंडार पर दबाव कम करने और अनावश्यक आयात घटाने के उद्देश्य से लिया गया है। ईरान संकट और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के कारण देश की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने हाल ही में लोगों से सोने की खरीद कम करने और ईंधन बचाने की अपील की थी। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोना उपभोक्ता देश है और अपनी जरूरत का अधिकांश सोना विदेशों से आयात करता है। ऐसे में आयात शुल्क बढ़ने का असर सीधे आम ग्राहकों, ज्वेलरी कारोबार और बाजार की मांग पर पड़ सकता है।