कान्स 2026 में उर्वशी रौतेला का ‘देसी तड़का’: सिल्वर गाउन और शाही मांग-टीका पहन रेड कार्पेट पर बिखेरा जलवा, बोलीं- “मैं अब सिर्फ उर्वशी नहीं, इंडिया हूँ!”

Follow Us

कान्स (फ्रांस)। ग्लोबल फैशन के सबसे बड़े मंच ‘कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026’ के ओपनिंग सेरेमनी में भारतीय अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने अपनी धमाकेदार वापसी से पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। लगातार पांचवें साल कान्स के रेड कार्पेट पर उतरीं उर्वशी ने इस बार अपने लुक के साथ एक साहसिक प्रयोग किया, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

उर्वशी ने वियतनामी लेबल ‘जोलीपोली कॉउचर’ का एक शानदार शिमरी सिल्वर गाउन पहना था। क्रिस्टल, सीक्विन और मोतियों से जड़ा यह बॉडी-कंटूरिंग गाउन हर कोण से रोशनी को रिफ्लेक्ट कर रहा था। इस आउटफिट में सबसे ज्यादा ध्यान उनकी ओवरसाइज़्ड केप स्लीव्स ने खींचा, जो चलते समय एक शाही पंख जैसा प्रभाव पैदा कर रही थीं। लेकिन इस इंटरनेशनल लुक की जान बना उनका स्टेटमेंट हेडपीस (मांग-टीका)। उर्वशी ने विदेशी जमीन पर भारतीय परंपरा का प्रतिनिधित्व करते हुए एक पक्षी के मोटिफ वाला बड़ा मांग-टीका पहना, जिसने उनके लुक को ‘क्वीन’ जैसा टच दिया।

मीडिया प्लेटफॉर्म ब्रूट से बातचीत के दौरान उर्वशी काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने गर्व से कहा, “जब भी मैं अपने देश को वैश्विक स्तर पर रिप्रेजेंट करती हूँ, तो मैं अब सिर्फ उर्वशी नहीं रहती, मैं ‘इंडिया’ बन जाती हूँ।” उन्होंने लगातार पांच साल तक इस प्रतिष्ठित मंच का हिस्सा बनने पर खुशी जाहिर की। सलीक बन हेयरस्टाइल और विंग्ड आईलाइनर के साथ उनका यह ग्लैमरस अवतार वायरल हो रहा है, हालांकि कुछ नेटिजन्स उनके इस भारी-भरकम मांग-टीके को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं भी दे रहे हैं।