दुर्ग। जिले के भिलाई में शातिर चोरों ने एक बार फिर पुलिस की गश्त को चुनौती दी है। ताजा घटना सुपेला थाना क्षेत्र के राधिका नगर की है, जहां चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर करीब एक लाख रुपये नगद और लाखों के सोने-चांदी के जेवरात पार कर दिए। पीड़ित त्रिलोक सिंह अपने परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे, लेकिन जब वे वापस लौटे तो घर का नजारा देखकर दंग रह गए।
घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा हुआ था और कमरों के भीतर सारा सामान बिखरा पड़ा था। आलमारी के लॉकर से जेवरात और नगदी गायब थी। पीड़ित की शिकायत पर सुपेला पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को अंदेशा है कि चोरों ने रेकी के बाद इस वारदात को अंजाम दिया है, क्योंकि उन्हें परिवार के बाहर होने की सटीक जानकारी थी।
फिलहाल पुलिस ने आसपास के घरों और रास्तों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। शहर के रिहायशी इलाकों में इस तरह की सेंधमारी से स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
