तमिलनाडु। तमिलनाडु की राजनीति में इस समय 29 वर्षीय एस कीर्तना सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) से चुनाव जीतकर उन्होंने न सिर्फ विधानसभा में एंट्री की, बल्कि राज्य की सबसे युवा मंत्रियों में भी अपनी जगह बना ली है। खास बात यह है कि, विजय की पहली कैबिनेट में वह अकेली महिला मंत्री हैं।
विरुधुनगर जिले की शिवकाशी सीट, जिसे ‘भारत की पटाखा राजधानी’ कहा जाता है, वहां से जीत हासिल कर कीर्तना ने नया इतिहास रच दिया। वह शिवकाशी की पहली महिला विधायक बनी हैं और करीब 70 वर्षों से चली आ रही पुरुष प्रधान राजनीति को चुनौती दी है।
उनकी जीत को तमिलनाडु की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। राजनीति में सक्रिय होने से पहले एस कीर्तना चुनावी रणनीति, डिजिटल कैंपेन और सोशल मीडिया प्रबंधन में काम करती थीं। टीवीके के शुरुआती दौर में उन्होंने पर्दे के पीछे रहकर युवाओं को जोड़ने और पार्टी की रणनीति मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। इससे पहले वह तेलुगू देशम पार्टी के अभियानों से भी जुड़ी रही हैं। कीर्तना अपनी हिंदी बोलने की शैली को लेकर भी सुर्खियों में हैं। उन्होंने साफ कहा कि, भाषा लोगों को जोड़ने का माध्यम है और वह चाहती हैं कि विजय की सोच पूरे देश तक पहुंचे। उनकी यही सोच उन्हें युवा राजनीति का नया चेहरा बना रही है।
