राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पद्मश्री सम्मानित समाजसेवी फूलबासन बाई यादव से जुड़ी अपहरण की कोशिश के बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। मामले को लेकर विधायक देवेंद्र यादव ने पीड़िता से मुलाकात कर पूरी घटना की जानकारी ली और प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए। देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि, प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि, अपहरण, हत्या, चाकूबाजी और अन्य आपराधिक घटनाओं में इजाफा हो रहा है, जिससे आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। उनके अनुसार सरकार कानून-व्यवस्था पर नियंत्रण रखने में विफल साबित हो रही है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

इस दौरान यादव समाज के लोगों ने भी फूलबासन यादव से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और सरकार से उन्हें सुरक्षा देने की मांग की। वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं और पूरे मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया है कि, दो महिलाओं समेत चार लोग कार में फूलबासन यादव को जबरन ले जाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की सतर्कता से उनकी योजना नाकाम हो गई। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

