आंधी-बारिश ने मचाई तबाही: जिले में धान की फसल चौपट, किसानों पर टूटा संकट का पहाड़

Follow Us

महासमुंद। जिले में बीती रात आई तेज आंधी और बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। जहां एक ओर लोगों को गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर खेतों में खड़ी धान की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में हाहाकार मच गया है। कौंदकेरा, मुस्की, बनसिवनी, कांपा, गोपालपुर, सोरिद और परसदा (ब) सहित आधा दर्जन से अधिक गांवों में फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। कई जगह 30 से 50 एकड़ तक की फसल गिरकर खराब हो गई है और खेतों में पानी भर गया है। जिन किसानों ने फसल की कटाई की तैयारी कर ली थी, उनकी मेहनत अचानक हुई बारिश में बर्बाद हो गई।

किसानों का कहना है कि, उनकी पूरी आजीविका इसी फसल पर निर्भर थी। अब हालत यह है कि लागत, खाद-बीज और कर्ज चुकाने को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई किसानों ने प्रशासन से तुरंत मदद की मांग की है। इस मामले पर प्रशासन ने भी संज्ञान लिया है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी एसडीएम को नुकसान का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि, रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता दी जाएगी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है, जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। इस प्राकृतिक आपदा ने एक बार फिर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की संवेदनशीलता को उजागर कर दिया है।