भिवानी। मजदूर दिवस के मौके पर जहां श्रमिकों के अधिकारों की बात हो रही थी, वहीं भिवानी के चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के हरियाणा कौशल रोजगार निगम (HKRN) कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा। कर्मचारियों ने वेतन न मिलने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि, उन्हें पिछले लगभग 3 महीने 19 दिन से वेतन नहीं मिला है, जिसमें अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर और जनवरी के 19 दिन शामिल हैं। वेतन के इंतजार में परेशान कर्मचारियों ने हरियाणा कर्मचारी यूनियन और सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले एक घंटे तक रोष प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान यूनियन नेताओं ने कहा कि, कर्मचारी लगातार अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, समाधान नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि, मजदूर दिवस जैसे महत्वपूर्ण दिन पर भी कर्मचारी अपने हक के लिए संघर्ष करने को मजबूर हैं, जो सिस्टम की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि, अगर जल्द ही वेतन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान कर्मचारियों ने शहीदों को श्रद्धांजलि भी दी और एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाई।
