नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में 1 मई 2026 को सोना और चांदी की कीमतों में बड़ी हलचल नहीं देखी गई। अंतरराष्ट्रीय कमोडिटी एक्सचेंज COMEX पर दोनों धातुओं के दाम लगभग स्थिर रहे, हालांकि मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का असर बाजार की धारणा पर साफ दिखाई दिया। स्पॉट गोल्ड करीब 4,640 डॉलर प्रति औंस पर स्थिर रहा, जबकि सिल्वर लगभग 74 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करता रहा। बाजार में फिलहाल भू-राजनीतिक तनाव और महंगाई के दबाव को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। भारत में मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर गुरुवार को सोना करीब 1,51,225 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी लगभग 2,44,638 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई।

शुक्रवार के कारोबारी सत्र में कीमतों में हल्की गिरावट या स्थिरता देखने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि, वैश्विक स्तर पर केंद्रीय बैंकों द्वारा ब्याज दरों में कोई बदलाव न करने से भी बाजार में अस्थिरता कम रही है। अमेरिका, यूरोप और जापान के केंद्रीय बैंकों ने दरें स्थिर रखीं, जिससे निवेशकों में सतर्कता बनी हुई है। वहीं अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है। होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर संभावित जोखिम के चलते भविष्य में सोने-चांदी की कीमतों में फिर से तेज उतार-चढ़ाव की संभावना जताई जा रही है।
