कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब यात्रियों से भरी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। यह दुर्घटना रायपुर–जबलपुर नेशनल हाईवे-30 पर पोंडी बायपास के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बस अचानक सामने चल रहे ट्रक से जा भिड़ी।टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। बस में करीब 60 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें से 15 से ज्यादा लोग घायल हो गए। घायलों में 3 से 4 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

