बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की बिलासपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के अवैध कारोबार पर कड़ा प्रहार करते हुए एक अंतरराज्यीय गिरोह को दबोचने में सफलता पाई है। सकरी थाना क्षेत्र में हुई इस बड़ी छापेमारी में कुल 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) भी है। पकड़े गए आरोपियों के पास से पुलिस ने भारी मात्रा में बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह गिरोह आईपीएल मैचों और लूडो ऐप के माध्यम से सट्टे का जाल फैलाए हुए था, जिसमें अब तक 2 करोड़ रुपये से ज्यादा के वित्तीय लेनदेन का कच्चा चिट्ठा उजागर हुआ है।
पुलिस को इस काले कारोबार की भनक बीट सिस्टम के जरिए मिली थी। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद एसीसीयू (ACCU) टीम की तकनीकी मदद ली गई और 29 अप्रैल 2026 को सकरी स्थित ओम स्पेस कॉलोनी में अचानक दबिश दी गई। इस रेड के दौरान पुलिस ने मौके से अंतरराज्यीय सट्टा गिरोह के सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। वर्तमान में पुलिस इस गिरोह के अन्य संपर्कों और वित्तीय नेटवर्क की गहराई से छानबीन कर रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरोह के सरगना राहुल छाबड़ा के खिलाफ पहले भी सट्टे के मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। वह अन्य राज्यों से संपर्क कर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। गिरोह लूडो ऐप और आईपीएल क्रिकेट मैचों पर दांव लगवाता था। इस कार्रवाई में पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 21 मोबाइल, 3 लैपटॉप, 13 एटीएम कार्ड, 8 पासबुक और एक क्रेटा कार (MP 18 ZB 8565) जब्त की है। जब्त मोबाइल के डेटा की जांच में 2 करोड़ रुपये से अधिक के सट्टे के लेनदेन का पता चला है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7(2) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 112 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फिलहाल आरोपियों के बैंक खातों की जांच की जा रही है और अन्य राज्यों से जुड़े नेटवर्क की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-
राहुल छाबड़ा (30 वर्ष), निवासी स्वर्णिम एरा कॉलोनी, सरकंडा, बिलासपुर
ओमप्रकाश नागवानी (21 वर्ष), मूल निवासी सागर (मध्यप्रदेश), वर्तमान निवास हाफा, सकरी, बिलासपुर
आशीष सोमानी (37 वर्ष), निवासी बालाघाट (मध्यप्रदेश)
कैलाश चावला (26 वर्ष), निवासी कटनी (मध्यप्रदेश)
विजय नागवानी (42 वर्ष), निवासी कटनी (मध्यप्रदेश)
दिनेश लालवानी (19 वर्ष), निवासी कटनी (मध्यप्रदेश)
एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)
