पंजाब। IPL 2026 के दौरान राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग को ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीने के मामले में मैच फीस का 25% जुर्माना लगाया गया है। यह घटना पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच के दौरान हुई थी। वायरल वीडियो में पराग को इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस से धुआं निकालते देखा गया, जिससे सोशल मीडिया पर काफी आलोचना हुई। ऑन-फील्ड अंपायर तन्मय श्रीवास्तव और नितिन मेनन ने सीधे शिकायत नहीं की, बल्कि विजुअल देखने के बाद मैच रेफरी अमित शर्मा ने पराग को लेवल 1 अनुशासनात्मक अपराध के तहत दंडित किया। उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया। IPL ने बयान जारी कर कहा कि पराग ने अपनी गलती स्वीकार की और रेफरी द्वारा लगाया गया जुर्माना मान लिया गया। हालांकि, राजस्थान रॉयल्स टीम के खिलाफ BCCI के संभावित सख्त एक्शन पर अभी निर्णय लंबित है। BCCI सेक्रेटरी देवजीत साकिया ने कहा कि टीम के खिलाफ कार्रवाई पर विचार किया जा रहा है, लेकिन अंतिम निर्णय अभी स्पष्ट नहीं है। ध्यान रहे कि भारत में 2019 से ई-सिगरेट पर बैन है। कानून के तहत इसे पीते हुए पकड़े जाने पर एक साल की जेल या 1 लाख रुपये का जुर्माना हो सकता है। BCCI ने बताया कि पराग के खिलाफ कार्रवाई IPL कोड ऑफ कंडक्ट, आर्टिकल 2.21 के तहत की गई। इससे पहले राजस्थान रॉयल्स के मैनेजर रोमी बिंदर को डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया था।
ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट पीने पर रियान पराग पर 25% मैच फीस का जुर्माना; RR टीम पर कार्रवाई पेंडिंग
