मुंबई। ऋषि कपूर के निधन को आज 6 साल पूरे हो गए हैं, इसी कड़ी में दिग्गज अभिनेत्री नीतू कपूर ने आज गुरुवार को अपने दिवंगत पति ऋषि कपूर को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हुए एक दिल को छू लेने वाली पोस्ट शेयर की। दरअसल नीतू कपूर ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर दोनों की एक पुरानी प्यार भरी तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, ‘हमेशा हमारे दिलों में।’ इस तस्वीर में दोनों मुस्कुराते हुए बेहद खुश लग रहे हैं। उनकी पुण्यतिथि पर फिल्म जगत के कई लोग उन्हें याद कर रहे हैं। आपको बता दें की फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर राज बंसल ने भी एक तस्वीर शेयर की, जिसमें ऋषि कपूर, नीतू कपूर और संजय दत्त साथ हंसते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, ‘अपने सबसे प्यारे दोस्त को याद कर रहा हूं।’ वहीं नीतू कपूर और ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने भी पिता को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने दिवंगत पिता की एक तस्वीर शेयर की और लिखा, ‘जब तक हम दोबारा नहीं मिलते… मैं हमेशा याद करती रहूंगी, आपसे प्यार करती रहूंगी।’ नीतू और ऋषि ने 22 जनवरी 1980 को शादी की थी। वे असल जिंदगी में भी बॉलीवुड के सबसे प्यारे जोड़ों में से एक रहे हैं। दोनों ने ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘खेल खेल में’, ‘कभी कभी’ जैसी कई फिल्मों में साथ काम किया। ऋषि कपूर का 30 अप्रैल 2020 को 67 साल की उम्र में ल्यूकेमिया की बीमारी से निधन हो गया था। वे ‘बॉबी’, ‘कर्ज’, ‘चांदनी’ और ‘कपूर एंड संस’ जैसी कई यादगार फिल्मों में काम कर चुके थे।
