मुंबई। आईपीएल 2026 में बल्लेबाजी का जबरदस्त तूफान, जहां 200+ स्कोर भी अब सुरक्षित नहीं रह गए हैं। दरअसल मुंबई के वानखेड़े में सनराइजर्स हैदराबाद ने 244 रन का लक्ष्य हासिल कर इतिहास रच दिया और यह टीम की आईपीएल में 100वीं जीत भी रही। इस मुकाबले ने न सिर्फ चेज के रिकॉर्ड्स तोड़े, बल्कि गेंदबाजों के लिए मुश्किलें और बढ़ा दीं, जिसका उदाहरण जसप्रीत बुमराह का महंगा स्पेल भी रहा। आपको बता दें की आईपीएल 2026 में 200 या उससे ज्यादा के टारगेट का पीछा करना आम बात बन गया है। इस सीजन में अब तक 10 बार 200+ रन सफलतापूर्वक चेज किए जा चुके हैं, जो किसी भी एक सीजन में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 2025 में नौ, 2023 में आठ और 2024 में छह बार ऐसा हुआ था। और अगर पिछले चार सीजन (2023-2026) को देखें तो इस दौरान अब तक (2026 का सीजन जारी है) कुल 33 बार 200+ स्कोर चेज हुए हैं, जबकि 2008 से 2022 तक के पहले 15 सीजन में यह आंकड़ा सिर्फ 15 था। यह साफ दिखाता है कि टी20 क्रिकेट का अंदाज पूरी तरह बदल चुका है।
वहीं दिलचस्प बात यह है कि 2025 के बाद से 200+ रन के 19 सफल चेज में से सिर्फ पांच मुकाबले ही आखिरी ओवर तक पहुंचे हैं और इनमें से भी कोई भी मैच 19.3 ओवर से आगे नहीं गया। यानी टीमें अब बड़े लक्ष्य को भी आराम से और तेजी से हासिल कर रही हैं और 20वें ओवर से पहले ही हासिल कर ले रही हैं। मुंबई और हैदराबाद के बीच मुकाबले में कुल 32 छक्के लगे, जो वानखेड़े स्टेडियम में किसी भी पुरुष टी20 मैच में दूसरा सबसे ज्यादा आंकड़ा है। इससे ज्यादा छक्के (34 छक्के) 2026 टी20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल (भारत बनाम इंग्लैंड) में लगे थे। यह दर्शाता है कि बल्लेबाज किस तरह गेंदबाजों पर पूरी तरह हावी हो चुके हैं। सनराइजर्स हैदराबाद ने इस जीत के साथ लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और 2018 के छह लगातार जीत के रिकॉर्ड के करीब पहुंच गई। 2016-17 और 2022 में भी टीम पांच मैच लगातार जीत चुकी है। खास बात यह भी है कि वानखेड़े में एसआरएच की यह सिर्फ तीसरी जीत है, इससे पहले दोनों जीत (2018 और 2022) में टीम ने लक्ष्य डिफेंड किया था।
मुंबई इंडियंस के स्टार गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के लिए यह मैच बेहद खराब रहा। उन्होंने 0/54 के आंकड़े के साथ अपने टी20 करियर का चौथा सबसे महंगा स्पेल डाला। इससे पहले 2026 में ही न्यूजीलैंड के खिलाफ 0/58 उनका सबसे महंगा स्पेल रहा है। मुंबई इंडियंस आमतौर पर बड़े स्कोर डिफेंड करने में माहिर रही है। 200+ स्कोर डिफेंड करते हुए टीम ने 21 में से 19 मैच जीते हैं, लेकिन इस मैच के साथ उन्हें सिर्फ दूसरी हार मिली। इससे पहले 2025 में पंजाब किंग्स ने उन्हें हराया था। आईपीएल इतिहास में अब बड़े चेज की लिस्ट लगातार बदल रही है। 2026 में ही पंजाब किंग्स ने 265 रन का सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। इसके अलावा 244 रन का चेज (एसआरएच vs मुंबई) अब इस लिस्ट में चौथे स्थान पर है।
