रायपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल ने 12वीं बोर्ड परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है, जिससे करीब ढाई लाख छात्रों का इंतजार खत्म हो गया। इस साल CGBSE ने परिणाम घोषित करते हुए जिज्ञासु वर्मा को राज्य टॉपर घोषित किया है, जिन्होंने 98 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। परीक्षाएं 20 फरवरी से 18 मार्च के बीच आयोजित की गई थीं, जिसमें कुल 2,45,785 छात्र शामिल हुए थे। इनमें 1,02,975 बालक और 1,42,810 बालिकाएं शामिल रहीं। परीक्षा के लिए राज्यभर में 2,395 केंद्र बनाए गए थे।

इस बार परिणाम में देरी का कारण हिंदी पेपर लीक मामला रहा, जिसके चलते 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा कराई गई थी। इससे रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया प्रभावित हुई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रिजल्ट जारी करते हुए छात्रों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि, मेहनत करने वाले छात्रों के लिए यह परिणाम एक नई शुरुआत है।

स्टूडेंट्स अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in या results.cg.nic.in पर जाकर देख सकते हैं। रोल नंबर और जन्मतिथि डालकर मार्कशीट डाउनलोड की जा सकती है। इसके अलावा SMS के जरिए भी परिणाम प्राप्त करने की सुविधा दी गई है। यह परिणाम राज्य के शिक्षा स्तर और छात्रों की मेहनत का प्रतीक माना जा रहा है, जिसमें बेटियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया है।







