पोस्ट ऑफिस भर्ती के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा! नकली नियुक्ति आदेश से लाखों की ठगी, जांच की उठी मांग

Follow Us

जगदलपुर। कांकेर जिले के पखांजूर में भारतीय डाक विभाग के नाम पर जारी एक कथित नियुक्ति आदेश वायरल होने के बाद बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। नकली नियुक्ति पत्र के जरिए बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी किए जाने का मामला चर्चा में है। जानकारी के अनुसार, वायरल दस्तावेज में भारत सरकार, डिपार्टमेंट ऑफ पोस्ट्स और बस्तर डिवीजन जगदलपुर के नाम का इस्तेमाल कर नियुक्ति आदेश जैसा फर्जी पत्र तैयार किया गया। इसमें पोस्टिंग, जॉइनिंग डेट, चार्ज रिपोर्ट और अधिकारी की मुहर जैसी चीजें शामिल कर इसे असली दिखाने की कोशिश की गई।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि, पखांजूर क्षेत्र के कई युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर मोटी रकम ली गई। बताया जा रहा है कि, करीब 10 लाख रुपये तक की ठगी हुई है। कुछ पीड़ितों के सामने आने और मामले के उजागर होने के बाद विभागीय जांच की मांग तेज हो गई है। बस्तर संभाग के डाक विभाग अधिकारियों ने इस दस्तावेज को पूरी तरह फर्जी बताया है। विभाग ने साफ किया है कि, इस तरह का कोई नियुक्ति आदेश जारी नहीं किया गया।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि, किसी भी नौकरी संबंधी दस्तावेज की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट या विभागीय कार्यालय से जरूर करें। मामले ने भर्ती प्रक्रिया की सुरक्षा और बेरोजगार युवाओं को निशाना बनाने वाले गिरोहों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि, क्या विभाग इस पूरे प्रकरण की औपचारिक जांच कराएगा और ठगी के पीछे शामिल लोगों पर कार्रवाई होगी।