वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे, जहां बरेका से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक पीएम मोदी रोड शो करते हुए पहुंचे। इस दौरान भाजपा के नेता और कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। छह स्थानों पर पीएम का ढोल-नगाड़े और शंखनाद के बीच स्वागत किया गया। काशी विश्वनाथ मंदिर में पीएम ने षोडशोपचार पूजा की और त्रिशूल और डमरू दिखाकर बाबा के भक्तों का अभिवादन किया। वहीं बरेका से विश्वनाथ धाम तक पीएम के स्वागत के लिए छह प्वॉइंट बनाए गए थे। बनारस रेलवे स्टेशन के सामने प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए कई छात्र-छात्राएं भी पहुंचे। इनके हाथ में पीएम के लिए कुछ संदेश वाला पोस्टर दिखा। बच्चों ने कहा पीएम मोदी को देने के लिए छोटा सा गिफ्ट लेकर आए हैं।
वहीं लहुराबीर चौराह पर प्रधानमंत्री मोदी का एनसीसी कैडेट्स व भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों में काफी उत्साह दिखा। पीएम का स्वागत कर एनसीसी कैडेट्स व महिलाएं काफी खुश नजर आईं। रोड शो के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह दिखा। प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए जगह-जगह प्वॉइंट बनाए गए थे। इन स्थानों पर सुबह से ढोल- नगाड़े बजाए जा रहे थे। पुलिस लाइन चौराहे पर कैबिनेट मंत्री रविंद्र जायसवाल समेत भाजपा कार्यकर्ताओं ने पीएम का स्वागत किया। वहीं प्रधानमंत्री के रोड शो को लेकर पुलिस सतर्क रही। बुधवार की सुबह अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने मैदागिन से काशी विश्वनाथ तक निरीक्षण किया। रोड शो के दौरान वाहनों के आवागमन पर रोक लगाई गई थी। पीएम की फ्लीट निकलने से पहले ही रास्ता खाली कराया गया।
