गंगटोक के मैदान से फीफा तक गूंजी पीएम मोदी की ‘फुटबॉल डिप्लोमेसी’, जियानी इन्फैंटिनो हुए मुरीद

Follow Us

न्यूयॉर्क। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेल भावना और फुटबॉल के प्रति उत्साह की तारीफ की। उन्होंने सोशल मीडिया पर पीएम मोदी की एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह सिक्किम के गंगटोक में बच्चों के साथ फुटबॉल खेलते नजर आए। इन्फैंटिनो ने अपने पोस्ट में लिखा, ‘नरेंद्र मोदी को हमारे खूबसूरत खेल को खेलते देखना शानदार है। फुटबॉल सच में पूरी दुनिया को जोड़ता है।’ आपको बता दें की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को सिक्किम दौरे पर थे, जहां उन्होंने सुबह बच्चों के साथ फुटबॉल खेला। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘सिक्किम में गंगटोक की खूबसूरत सुबह में अपने युवा दोस्तों के साथ फुटबॉल खेलने जैसा कुछ नहीं!’ इसके बाद एक अन्य पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा, ‘इन युवाओं के साथ यह फुटबॉल सत्र सच में ऊर्जा से भर देने वाला रहा।’

वहीं भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में फुटबॉल बेहद लोकप्रिय खेल है। सिक्किम, मिजोरम, मणिपुर और मेघालय जैसे राज्यों में फुटबॉल को खास पहचान मिली हुई है। कई जगहों पर इसकी लोकप्रियता क्रिकेट से भी ज्यादा मानी जाती है। ऐसे में पीएम मोदी का बच्चों के साथ फुटबॉल खेलना स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों के लिए खास संदेश माना जा रहा है। यह पहली बार नहीं है जब फीफा अध्यक्ष ने पीएम मोदी की सराहना की हो। दोनों नेता कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिल चुके हैं। दिसंबर 2018 में अर्जेंटीना में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान भी उनकी मुलाकात हुई थी। उस समय इन्फैंटिनो ने पीएम मोदी को उनके नाम वाली फुटबॉल जर्सी भेंट की थी। उस मौके पर पीएम मोदी ने कहा था, ‘अर्जेंटीना आकर फुटबॉल को याद न करना नामुमकिन है। अर्जेंटीना के खिलाड़ी भारत में बेहद लोकप्रिय हैं। आज फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फैंटिनो से यह जर्सी पाकर खुशी हुई।’ विशेषज्ञ मानते हैं कि खेल के जरिए ऐसे संदेश भारत और दुनिया के बीच सकारात्मक संबंधों को मजबूत करते हैं। पीएम मोदी का यह फुटबॉल सत्र भी उसी दिशा में एक प्रतीकात्मक कदम माना जा रहा है।