गोल्ड सिल्वर अपडेट: फेड बैठक से पहले चमका सोना-चांदी, बाजार की नजर अमेरिका के फैसले पर

Follow Us

नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में हल्की तेजी दर्ज की गई है। US फेडरल रिजर्व की 28-29 अप्रैल की बैठक से पहले निवेशकों की नजर ब्याज दरों के फैसले और मध्य-पूर्व के भू-राजनीतिक हालात पर टिकी हुई है। इसी अनिश्चितता के बीच कमोडिटी मार्केट में रिकवरी के संकेत दिख रहे हैं। मंगलवार को COMEX पर सोना 4,703.70 डॉलर प्रति औंस और चांदी 75.405 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर बंद हुई। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, सुरक्षित निवेश की मांग और वैश्विक तनाव के संकेतों ने कीमती धातुओं को समर्थन दिया है।

अमेरिका और ईरान के बीच संभावित कूटनीतिक संकेतों पर भी निवेशकों की नजर बनी हुई है। यदि तनाव कम होता है और ऊर्जा आपूर्ति सामान्य होती है, तो कच्चे तेल समेत कई कमोडिटीज़ में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इसका असर सोना-चांदी की चाल पर भी पड़ सकता है। घरेलू बाजार MCX में भी तेजी के संकेत बने हुए हैं। पिछले कारोबारी सत्र में सोना 1,51,747 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,42,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई। जानकार मानते हैं कि, अगर वैश्विक तनाव नहीं बढ़ा, तो MCX में और मजबूती देखने को मिल सकती है। फिलहाल बाजार की दिशा फेडरल रिजर्व के फैसले, ब्याज दरों के संकेत और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम तय करेंगे।