लीबिया में भारतीय कंपनियों को तेल और गैस का बड़ा भंडार मिला, ऊर्जा क्षेत्र में नई उपलब्धि

Follow Us

नई दिल्ली। भारत के ऊर्जा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने घोषणा की है कि लीबिया के गदामेस बेसिन में कॉन्ट्रैक्ट एरिया 95/96 में भारतीय कंपनियों को नया तेल और गैस का भंडार मिला है। इस परियोजना में ऑयल इंडिया लिमिटेड और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड भारतीय कंसोर्टियम पार्टनर हैं, जबकि अल्जीरियाई कंपनी सिपेक्स (SIPEX) इसका ऑपरेटर है। ड्रिलिंग के दौरान 8,440 फीट की गहराई तक पहुंचने पर रोजाना 13 मिलियन क्यूबिक फीट गैस और 327 बैरल कंडेनसेट उत्पादन प्राप्त हुआ। यह खोज अविनात वानिन और अविन काजा फॉर्मेशन से हुई। मंत्रालय ने इसे भारतीय ऊर्जा कंपनियों के वैश्विक विस्तार और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी की सफलता का प्रतीक बताया है। केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी इस उपलब्धि की प्रशंसा की है और भविष्य में इन संसाधनों के समुचित उपयोग की उम्मीद जताई।