छत्तीसगढ़ में गर्मी का रेड अलर्ट! 16 दिन से 40 पार पारा, लू ने बढ़ाई लोगों की मुश्किलें

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। प्रदेश के कई इलाकों में पिछले 16 दिनों से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ में लू जैसे हालात लोगों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में दिन के साथ रातें भी गर्म बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, रायपुर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री और कुछ इलाकों में 44 डिग्री के पार पहुंचने की संभावना है। राजनांदगांव में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। तेज धूप और गर्म हवाओं के चलते दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा नजर आ रहा है।

हालांकि कुछ जिलों में हल्की राहत भी देखने को मिली। जांजगीर, रायगढ़ और बिलासपुर के कुछ हिस्सों में तेज हवा और हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। बस्तर संभाग में मौसम अपेाकृत सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग ने फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी से बड़ी राहत के संकेत नहीं दिए हैं। दोपहर के समय लू चलने की आशंका जताई गई है। लोगों को धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक हवा की दिशा में बदलाव के कारण कहीं-कहीं बादल और हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल गर्मी का प्रकोप बना रहेगा। प्रदेश में मौसम को लेकर अलर्ट जारी है।