धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कुरुद में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने भारतमाला परियोजना से जुड़े कथित जमीन घोटाले की जांच के तहत भूपेंद्र चंद्राकर के आवास पर दबिश दी। यह कार्रवाई सुबह तड़के शुरू हुई और खबर फैलते ही इलाके में हलचल तेज हो गई। सूत्रों के अनुसार, ईडी की टीम कई घंटों से मौके पर मौजूद है और दस्तावेजों की गहन जांच के साथ-साथ संबंधित लोगों से पूछताछ भी कर रही है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल को भी तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।
भूपेंद्र चंद्राकर, पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के भाई हैं, और उनके घर पर हुई इस छापेमारी को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, अभी तक ईडी की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन माना जा रहा है कि, यह कार्रवाई भारतमाला परियोजना में जमीन अधिग्रहण और मुआवजे से जुड़े कथित अनियमितताओं की जांच से संबंधित है। स्थानीय लोगों में भी इस कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कई लोग इसे बड़े भ्रष्टाचार मामलों की जांच का हिस्सा बता रहे हैं, तो कुछ इसे प्रशासनिक सख्ती के रूप में देख रहे हैं। फिलहाल ईडी की जांच जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
