50 लाख की दिनदहाड़े लूट से हड़कंप! गुटखा लाने के बहाने ड्राइवर ने रची साजिश, कैश लेकर फरार

Follow Us

रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह इलाके में एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक कंस्ट्रक्शन कारोबारी के ड्राइवर ने ही 50 लाख रुपये लेकर फरार होकर सनसनी फैला दी। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है और पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है। जानकारी के मुताबिक, कारोबारी उमेश अग्रवाल ने अपने अकाउंटेंट को 50 लाख रुपये बैंक में जमा करने के लिए भेजा था। अकाउंटेंट ड्राइवर कृष्णा साहू के साथ रकम लेकर बैंक पहुंचा, लेकिन बैंक बंद होने के कारण वे वापस लौट रहे थे।

इसी दौरान गीतांजलि नगर के पास ड्राइवर ने चालाकी दिखाते हुए गुटखा लाने के बहाने अकाउंटेंट को गाड़ी से नीचे उतार दिया। जैसे ही अकाउंटेंट नीचे उतरा, ड्राइवर मौके का फायदा उठाकर कैश से भरी कार लेकर फरार हो गया। कुछ ही पलों में हुई इस घटना से अकाउंटेंट भी कुछ समझ नहीं पाया और तुरंत मालिक को सूचना दी। पुलिस जांच में सामने आया है कि, आरोपी पिछले एक साल से कारोबारी के यहां काम कर रहा था और उसने भरोसा हासिल कर लिया था।

इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया। आरोपी का भाठागांव स्थित घर बंद मिला और वह अपने मूल निवास धमतरी भी नहीं पहुंचा। पुलिस को आशंका है कि, आरोपी कर्ज में डूबा हो सकता है, हालांकि सभी पहलुओं की जांच जारी है। कई जगह दबिश दी जा रही है और पुलिस का कहना है कि, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने कारोबारी जगत में चिंता बढ़ा दी है।