लेबनान में हिज्बुल्लाह के ड्रोन हमले में इजरायली सैनिक की मौत, वायुसेना हेलीकॉप्टर रेस्क्यू में शामिल

Follow Us

नई दिल्ली। दक्षिणी लेबनान में इजरायल और हिज्बुल्लाह के बीच जारी तनाव के बीच, तैयबेह इलाके में एक बड़ा हमला हुआ। इजरायली सेना की 77वीं बटालियन का टैंक तकनीकी खराबी के कारण फंस गया था। जब सैनिक टैंक को ठीक कर रहे थे, तब हिज्बुल्लाह ने विस्फोटकों से लैस ड्रोन से हमला किया। इसमें एक सैनिक की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। हमले के बाद घायलों को निकालने के लिए इजरायली वायुसेना का हेलीकॉप्टर भेजा गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भी हिज्बुल्लाह ने दो और ड्रोन दागे। इनमें से एक को इजरायली सेना ने मार गिराया, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर और सैनिकों के नजदीक जाकर फटा, जिससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। इजरायली सेना के अनुसार, इस हमले में एक सैनिक की मौत, एक अधिकारी और तीन सैनिक गंभीर रूप से घायल, और दो सैनिकों को मामूली चोट आई। हिज्बुल्लाह ने इस हमले की जिम्मेदारी ली और इसे इजरायल द्वारा युद्धविराम उल्लंघन का जवाब बताया। संगठन ने हाल के समय में छोटे और अत्याधुनिक एफपीवी ड्रोन का इस्तेमाल बढ़ा दिया है, जो सटीक और खतरनाक हमलों में सक्षम हैं।