भोपाल। मध्य प्रदेश में राजनीतिक परिजनों से जुड़े विवादों का नया मामला सामने आया है। पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी के बेटे और आईपीएस अधिकारी से जुड़े विवाद अभी शांत भी नहीं हुए थे कि अब कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई, इंदर सिंह चौहान पर गंभीर आरोप लगे हैं।आलीराजपुर जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) प्रिया काग ने बताया कि 22 अप्रैल को उनके कार्यालय में इंदर सिंह चौहान ने उन्हें धमकाया। विवाद कन्या विवाह योजना से जुड़े मामलों को लेकर हुआ, जिसमें आरोप है कि उन्होंने उन आवेदनों को निरस्त किए जाने पर नाराजगी जताई, जिनमें पहले से विवाह हो चुका था। सीईओ प्रिया काग के अनुसार, इंदर सिंह ने कथित तौर पर धमकी देते हुए कहा, “तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा, यहां सब मेरी मर्जी से होगा।” उन्होंने सीईओ की ओर भी बढ़ने की कोशिश की, जिसे लेखाधिकारी सावन भिंडे ने बीच-बचाव कर रोका। इस मामले में प्रिया काग ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इंदर सिंह चौहान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 132, 224, 221, 351(2) और 126(2) के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी को 24 अप्रैल को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान ने इस पर कहा कि उनके भाई का उनसे कोई व्यक्तिगत संपर्क नहीं है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनके भाई ने क्या कहा या क्या किया, इसके बारे में वे कुछ नहीं कह सकते और कानून अपना काम करेगा।
मध्य प्रदेश: कैबिनेट मंत्री इंदर सिंह चौहान पर महिला सीईओ को धमकाने का मामला दर्ज
