दुर्ग। STF कॉलोनी में एक दर्दनाक घटना हुई, जिसमें STF में तैनात आरक्षक ललितेश यादव की पत्नी रीना यादव और उनके 9 साल के बेटे की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं, उनकी दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक बेटी ने बाथरूम में छिपकर अपनी जान बचाई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला ने सो रहे बेटे पर 14 वार किए। घटना शनिवार सुबह करीब 8 बजे उस समय हुई, जब ललितेश यादव रेलवे स्टेशन रिजर्वेशन कराने गए थे। आरोपी महिला सरोजनी भारद्वाज (25), जो जांजगीर की रहने वाली है और दुर्ग में किराए के मकान में रह रही थी, घर में घुसकर हमला किया। एक दिन पहले भी महिला घर पहुंची थी, जिसे आरक्षक ने समझाकर वापस भेज दिया था। स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा और उसके हाथ से चाकू छीन लिया। घायल बच्चों और रीना यादव को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान रीना और उनके बेटे की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी महिला से पूछताछ जारी है।
दुर्ग में दिल दहला देने वाला हमला: आरक्षक की पत्नी और बेटा चाकू से मारे गए, महिला आरोपी गिरफ्तार
