अकोला में भोंदू बाबा का काला सच, बच्चों पर अमानवीय कृत्य उजागर, आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

अकोला। महाराष्ट्र के अकोला में एक भोंदू बाबा चमत्कार के नाम पर बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार कर रहा था। आरोपी चेतन सुनील मुले मूर्तिजापुर तालुका के निंभा गांव में दरबार लगाता था और दावा करता था कि उसके पास अलौकिक शक्तियां हैं। लोगों के अंधविश्वास का फायदा उठाते हुए वह बच्चों को उनके कपड़ों से पकड़कर हवा में घुमाता, दांतों से उठाने की कोशिश करता और उन्हें कीलों पर बैठाने जैसी खतरनाक हरकतें करता था। यह डरावना वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस सक्रिय हुई। बाल कल्याण समिति की सदस्य प्रांजली मनोज जैस्वाल की शिकायत पर मूर्तिजापुर ग्रामीण पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता, बाल न्याय अधिनियम और महाराष्ट्र अंधश्रद्धा निर्मूलन कानून के तहत मामला दर्ज किया। आरोपी फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने तकनीकी जांच और सूचना के आधार पर उसे अमरावती से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मूर्तिजापुर कोर्ट में पेश किया गया और उसे 1 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस दरबार में और कौन शामिल थे और क्या इसके पीछे कोई नेटवर्क था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे ढोंगी बाबाओं के बहकावे में न आएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।