भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर क्षेत्र के ग्राम कच्चे स्थित आरी डोंगरी लौह खदान में मलबा धंसने की घटना के बाद हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं। 10-11 अप्रैल की रात हुए हादसे में खदान से निकला मलबा एक मकान पर गिर गया, जिसके बाद प्रशासन ने एहतियातन 23 घर खाली कराए और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास का आश्वासन दिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों ने खदान संचालन को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए स्थायी पुनर्वास की मांग की है। इसी बीच निरीक्षण के लिए पहुंचे कांकेर सांसद भोजराज नाग का रुख विवादों में आ गया।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने खदान प्रबंधन और अधिकारियों पर लापरवाही को लेकर तीखी नाराजगी जताई। इस दौरान उनके द्वारा कथित तौर पर अमर्यादित और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने का आरोप लगा है, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और विपक्षी हलकों में सवाल उठने लगे हैं। सांसद ने मौके पर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए प्रभावित लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान की बात कही। हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने प्रशासनिक व्यवस्था और खदान सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं यह भी याद दिलाया जा रहा है कि, इससे पहले भी सांसद नाग के कुछ बयानों पर विवाद हो चुका है, जिससे यह मामला और अधिक राजनीतिक चर्चा में आ गया है। फिलहाल प्रशासन राहत कार्यों में जुटा है और जांच की बात कही जा रही है।

