मुंगेली। जिले के लोरमी इलाके से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक शिक्षक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मिली जानकारी के अनुसार, तिलकपुर निवासी शिक्षक अजीत डाहिरे अपनी बाइक से अपने पैतृक गांव बैगाकापा जा रहे थे। इसी दौरान झाफल स्थित महाराणा प्रताप स्कूल के पास विपरीत दिशा से आ रहे सीमेंट से लदे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे दब गई और अजीत डाहिरे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की लोरमी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है। साथ ही मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
तेज रफ्तार सीमेंट ट्रक की चपेट में आए शिक्षक, मौके पर मौत से मचा हड़कंप
