दमदम में PM मोदी का हमला: बोले- बंगाल को अवसरों की भूमि बनाना है तो TMC से मुक्ति जरूरी

Follow Us

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के दमदम में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ आर-पार की जंग का एलान कर दिया है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल में परिवर्तन की जो लहर पिछले कुछ समय से महसूस की जा रही थी, पहले चरण के मतदान ने उस पर स्पष्ट मुहर लगा दी है। पीएम मोदी के मुताबिक, पहले चरण में भाजपा के पक्ष में उमड़े जनसैलाब ने बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक विजय का शंखनाद कर दिया है। उन्होंने जनता से आह्वान किया कि जिस तरह पहले चरण में लोकतंत्र के मंदिर का पुनर्निर्माण शुरू हुआ है, दूसरे चरण में उस पर विजय ध्वज फहराना है।

पीएम मोदी ने टीएमसी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बंगाल के खोए हुए गौरव को वापस लाने और इसे अवसरों की भूमि बनाने के लिए ममता सरकार से ‘आजादी’ अनिवार्य है। उन्होंने टीएमसी के शासन को भ्रष्टाचार, सिंडिकेट राज, घुसपैठ और बेरोजगारी का पर्याय बताया। प्रधानमंत्री ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि टीएमसी का दीया बुझने से पहले फड़फड़ा रहा है और 4 मई को चुनावी नतीजे आने के बाद बंगाल के गुंडों को छिपने तक की जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने टीएमसी को ‘नारी विरोधी’ करार देते हुए संदेशखाली जैसी घटनाओं का परोक्ष रूप से जिक्र किया और बेटियों पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई।

नेताजी सुभाषचंद्र बोस के ऐतिहासिक नारे ‘तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आजादी दूंगा’ को याद करते हुए पीएम मोदी ने बंगाल में एक नई ‘वोट क्रांति’ की अपील की। उन्होंने कहा कि गुलामी की बेड़ियों को तोड़ने का समय आ गया है और इस बार जनता का वोट ही बंगाल को टीएमसी के कुशासन से मुक्ति दिलाएगा। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि भाजपा के सत्ता में आते ही बंगाल को अनेक कष्टों से आजादी मिलेगी और यह प्रदेश फिर से देश की प्रगति का नेतृत्व करेगा।