दुर्ग। जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र के बासिन गांव में अवैध गुटखा निर्माण करने वाली फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ‘मुसाफिर’ और ‘M4’ ब्रांड के नाम पर जर्दा युक्त गुटखे का बड़े स्तर पर उत्पादन होते हुए पकड़ा। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में 13 मजदूर काम करते मिले, जो मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी मजदूरों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्हें यहां किसने लाया और इस अवैध कारोबार के पीछे कौन लोग शामिल हैं। कार्रवाई के दौरान मौके से भारी मात्रा में तैयार गुटखा, सुगंधित जर्दा, पैकिंग सामग्री, मशीनरी और कच्चा माल जब्त किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री अप्रैल की शुरुआत से संचालित हो रही थी और बड़े अवैध उत्पादन केंद्र के रूप में काम कर रही थी। जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन अधिकारी जितेंद्र नेने के अनुसार, ‘मुसाफिर’ ब्रांड के पैकेट पर कुम्हारी स्थित ‘रजत सेल्स’ का लाइसेंस नंबर अंकित मिला है। अब जांच इस दिशा में की जा रही है कि यह ‘रजत सेल्स’ की ही दूसरी इकाई है या फिर उनके नाम का दुरुपयोग कर नकली गुटखा तैयार किया जा रहा था।
