रायपुर। प्रदेश में श्रमिकों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लगातार स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में कर्मचारी राज्य बीमा औषधालय कोरबा द्वारा निगम कार्यालय साकेत भवन में विशेष स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच शिविर लगाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
शिविर में नगर निगम के 500 से ज्यादा अधिकारी और कर्मचारियों ने अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया। इस दौरान विशेषज्ञ डॉक्टरों ने ब्लड प्रेशर, शुगर, जोड़ो का दर्द, सिरदर्द, अनिद्रा, हाईपरटेंशन, बुखार, एलर्जी, लीवर, किडनी और हृदय संबंधी बीमारियों की जांच की। जरूरत के अनुसार मरीजों को दवाइयां भी दी गईं और उचित परामर्श प्रदान किया गया। शिविर में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम ने अपनी सेवाएं दीं, जिसमें डॉ. दिग्विजय बहादुर सिंह, डॉ. नीरज तिवारी और अन्य स्टाफ शामिल रहे। सभी ने मिलकर मरीजों की जांच और मार्गदर्शन किया।शिविर का समापन महापौर संजूदेवी राजपूत ने किया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन से कर्मचारियों और श्रमिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिलती हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग का आभार भी जताया। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य जांच तक सीमित रहा, बल्कि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया, जिससे वे भविष्य में बीमारियों से बच सकें।
