मनेन्द्रगढ़। छत्तीसगढ़ के मनेन्द्रगढ़ इलाके में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक तेंदुआ गांव के घर में घुसकर आराम से बैठा मिला। जनकपुर वन परिक्षेत्र के खिरकी गांव में हुई इस घटना ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया। जैसे ही घरवालों की नजर तेंदुए पर पड़ी, वे जान बचाकर बाहर भागे और आसपास के लोगों को भी सतर्क किया। घटना की खबर फैलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और सुरक्षित दूरी बना ली। बताया जा रहा है कि, यह इलाका गुरु घासीदास टाइगर रिजर्व से सटा हुआ है, जहां से जंगली जानवरों की आवाजाही अक्सर होती रहती है।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने तेंदुए को सुरक्षित तरीके से काबू में लेकर घर से बाहर निकाला। इस दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन अधिकारियों ने बताया कि, पकड़े गए तेंदुए को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। साथ ही इलाके में गश्त बढ़ाने और वन्यजीवों की गतिविधियों पर निगरानी रखने का आश्वासन दिया गया है। घटना के बाद गांव में अभी भी भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से पहले से अलर्ट जारी करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
