अब आसान होगा नेपाल सफर: उत्तराखंड से नेपालगंज तक दौड़ेंगी मैत्री बसें

Follow Us

देहरादून। उत्तराखंड और नेपाल के बीच आवागमन को और सुगम बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। अब परिवहन निगम की 12 बसें मैत्री बस सेवा के तहत हरिद्वार-रुपेडिया मार्ग से नेपाल के नेपालगंज तक संचालित की जाएंगी। इस प्रस्ताव को राज्य परिवहन प्राधिकरण (एसटीए) की बैठक में मंजूरी दे दी गई है, जिससे दोनों देशों के बीच सड़क संपर्क और मजबूत होगा। पहले ये बसें हरिद्वार से सिर्फ रुपेडिया तक चलती थीं, लेकिन अब सेवा का विस्तार नेपालगंज तक कर दिया गया है। इससे यात्रियों, पर्यटकों और व्यापारियों को सीधा लाभ मिलेगा और अंतरराष्ट्रीय यात्रा अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

इसके साथ ही एसटीए ने गढ़वाल मंडल ओनर्स लिमिटेड और रूपकुंड पर्यटन विकास समिति के 15 विभिन्न मार्गों को देहरादून तक विस्तारित करने को भी स्वीकृति दी है। इस फैसले से पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें राजधानी तक पहुंचने के लिए वाहन नहीं बदलने पड़ेंगे। इन मार्गों में कोटद्वार-हरिद्वार, पौड़ी-कोटद्वार, जोशीमठ-ऋषिकेश, गोपेश्वर-ऋषिकेश, ऊखीमठ-ऋषिकेश और अन्य प्रमुख रूट शामिल हैं। परिवहन मुख्यालय में हुई बैठक में एसके सिंह (सचिव एसटीए), चंद्रशेखर जोशी समेत लोक निर्माण विभाग और विधि परामर्शी विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने इसे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण निर्णय बताया है।