एक झटके में 44 तबादले! यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल

Follow Us

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से एक बार फिर बड़े स्तर पर पुलिस महकमे में फेरबदल किया गया है। योगी सरकार ने 44 एडिशनल एसपी (ASP) के तबादले कर दिए हैं, जिससे कई जिलों और इकाइयों में नई जिम्मेदारियां तय हो गई हैं। इस तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण और चर्चित अधिकारियों के नाम शामिल हैं। पीपीएस अधिकारी तनु उपाध्याय को 37वीं वाहिनी पीएसी, कानपुर में तैनाती दी गई है, जबकि अरविंद कुमार वर्मा को चित्रकूट से हमीरपुर भेजा गया है। ब्रज नारायण सिंह को लखनऊ कमिश्नरेट से सुल्तानपुर स्थानांतरित किया गया है। वहीं, चर्चित अधिकारी श्रेष्ठा ठाकुर को एटीएस लखनऊ की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिसे सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इसके अलावा, प्रयागराज, आगरा, गौतमबुद्ध नगर और कानपुर जैसे बड़े कमिश्नरेट में भी नए अपर पुलिस उपायुक्तों की नियुक्ति की गई है। चिरंजीव मुखर्जी और हरी राम यादव को प्रयागराज, अल्का को आगरा और अभय कुमार मिश्र को गौतमबुद्ध नगर में जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, स्नेहा तिवारी को कानपुर नगर कमिश्नरेट में तैनात किया गया है। कुछ अधिकारियों को पीएसी, सीआईडी और एसएसबी जैसी विशेष इकाइयों में भी भेजा गया है, जिससे खुफिया और सुरक्षा तंत्र को और मजबूत करने की कोशिश की जा रही है। सरकार का मानना है कि, इस फेरबदल से प्रशासनिक दक्षता बढ़ेगी और कानून व्यवस्था पर बेहतर नियंत्रण स्थापित होगा।