रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर जिले में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। पिपरौद–बजरंगपुर नेशनल हाईवे पर ट्रक और रेत से भरे हाइवा की आमने-सामने टक्कर में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश का माहौल है। यह घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के बजरंगपुर इलाके में निर्माणाधीन टोल प्लाजा के पास सोमवार देर रात लगभग 3:30 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक (CG 04 JC 7941) और हाइवा (CG 04 QP 2293) की भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। टक्कर की आवाज लगभग दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हादसे में दोनों वाहनों में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान भागवत राम साहू (65), निवासी कुटीपारा पारागांव, दीपक पटेल (22), निवासी कातलबोड़ (कुरूद, धमतरी) और सुमित यादव (19), निवासी झूरानवागांव (कुरूद, धमतरी) के रूप में हुई। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को निकालकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र लगातार भारी वाहनों की आवाजाही वाला है और पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं बार-बार हो रही हैं, लेकिन रोकथाम के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की। लोगों का कहना है कि टोल प्लाजा के आसपास स्पीड कंट्रोल और निगरानी की सख्त जरूरत है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और गांवों में शोक का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर सड़क हादसा: ट्रक और हाइवा की जोरदार टक्कर में 3 लोगों की दर्दनाक मौत।
