BSF जवान की शहादत का बदला: सुरक्षाबलों ने ध्वस्त किए 21 अवैध बंकर, सर्च ऑपरेशन जारी

Follow Us

इंफाल। मणिपुर के उखरुल जिले में बीएसएफ जवान की हत्या के बाद सुरक्षा बलों ने रविवार को लगातार तीसरे दिन भी उग्रवादियों के खिलाफ संयुक्त सर्च ऑपरेशन तेज रखा। इस दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 21 अवैध बंकरों को ध्वस्त किया गया। अधिकारियों के मुताबिक, केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बल सीमा सुरक्षा बल (BSF) के कांस्टेबल मिथुन मंडल की हत्या में शामिल संदिग्ध उग्रवादियों की तलाश में उखरुल और आसपास के इलाकों में सघन अभियान चला रहे हैं। शुक्रवार को जवान पर उस वक्त हमला हुआ था, जब वह ‘रोड ओपनिंग पार्टी’ (ROP) के साथ ड्यूटी पर तैनात थे। श्रद्धांजलि के बाद उनका पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव, मालदा (पश्चिम बंगाल) भेज दिया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान उखरुल जिले के लिटान थाना क्षेत्र के सिकिबुंग गांव में 14 और मोंगकोट चेपु गांव में 7 बंकरों को ध्वस्त किया गया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इन बंकरों का इस्तेमाल उग्रवादी संगठनों द्वारा हमलों के लिए किया जा रहा था। एक अन्य कार्रवाई में म्यांमार सीमा से लगे तेंगनौपाल जिला के कई इलाकों से हथियार और विस्फोटक बरामद किए गए। इनमें दो 9 एमएम पिस्तौल, मैगजीन, 13 आईईडी, कॉम्बैट यूनिफॉर्म और बैग शामिल हैं। सभी आईईडी को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। इसी बीच, मणिपुर पुलिस ने चुराचांदपुर जिले के वेंगनुआम-सिंगंगाट इलाके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 45 साबुन के डिब्बों में भरी ब्राउन शुगर, एक मारुति जिप्सी, मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया गया। सुरक्षा बलों ने संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान के साथ ‘एरिया डोमिनेशन’ बढ़ा दिया है। राज्यभर में निगरानी मजबूत करने के लिए 109 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। वहीं, इम्फाल-जिरीबाम राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) पर जरूरी सामान ले जाने वाले वाहनों को सुरक्षा के साथ एस्कॉर्ट किया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों और सोशल मीडिया पर फैल रहे फर्जी वीडियो से सतर्क रहें। किसी भी जानकारी की पुष्टि सेंट्रल कंट्रोल रूम से करने के बाद ही उस पर विश्वास करें, अन्यथा भ्रामक सामग्री साझा करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।