हल्द्वानी में नशामुक्ति की बड़ी मुहिम: ‘Run for Awareness’ में उमड़ा जनसैलाब, सीएम धामी ने दिलाई शपथ

Follow Us

उत्तराखंड। हल्द्वानी में रविवार को नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत ‘Run for Awareness’ रैली का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। एमबी इंटर कॉलेज मैदान से शुरू हुई इस जागरूकता दौड़ में हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने सभी प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और युवाओं से अपील की कि, वे नशे से दूर रहकर समाज को भी इसके खिलाफ जागरूक करें। उन्होंने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, यह दौड़ केवल एक खेल या व्यायाम नहीं है, बल्कि एक मजबूत संदेश है कि, उत्तराखंड का युवा अब नशे को पूरी तरह नकार रहा है। उन्होंने कहा कि, नशा एक “साइलेंट वार” की तरह समाज में फैल रहा है, जो धीरे-धीरे युवाओं और उनके परिवारों को प्रभावित करता है। सीएम धामी ने आगे कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार इस दिशा में मिशन मोड में काम कर रही है।

एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा कई मामलों में कार्रवाई की गई है और बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इसके साथ ही राज्य में एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (ATF) केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ जैसे कार्यक्रम भी चलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि, नशामुक्त उत्तराखंड का लक्ष्य केवल कानून से नहीं, बल्कि समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही पूरा होगा। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि, वे स्वयं भी नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करें।