IPL में भारी पड़ी गलती: नीतीश राणा और ऋतुराज गायकवाड़ पर लगा दोहरा जुर्माना

Follow Us

चेन्नई। आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले के बाद दो बड़े नामों पर कार्रवाई हुई है। दिल्ली कैपिटल्स के नीतीश राणा और सीएसके के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़, दोनों को अलग-अलग मामलों में जुर्माना झेलना पड़ा। आपको बता दें की मैच के दौरान सबसे बड़ा विवाद दिल्ली की पारी के 19वें ओवर में देखने को मिला, जब बल्लेबाज ट्रिस्टन स्टब्स ने पसीने के कारण अपने ग्लव्स बदलने की अनुमति मांगी। चेन्नई की उमस भरी गर्मी में यह एक सामान्य मांग थी, लेकिन चौथे अंपायर ने इसे ठुकरा दिया। इसके बाद माहौल गर्म हो गया और स्टब्स के आउट होते ही नीतीश राणा अंपायर से भिड़ गए। इस व्यवहार को आईपीएल ने आचार संहिता का उल्लंघन माना। आईपीएल के बयान के मुताबिक, ‘नीतीश राणा पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उन्हें एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया है।’ आगे कहा गया, ‘राणा ने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.3 का उल्लंघन किया, जो मैच के दौरान आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल से जुड़ा है।’ हालांकि राणा ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और मैच रेफरी के फैसले को मान लिया। वहीं दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ भी कार्रवाई से नहीं बच सके। उनकी टीम निर्धारित समय में ओवर पूरे नहीं कर पाई, जिसके चलते उन्हें 12 लाख रुपये का जुर्माना भरना पड़ा। आईपीएल के मुताबिक, ‘यह सीजन में टीम की पहली गलती थी, इसलिए गायकवाड़ पर 12 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।’ स्लो ओवर रेट आईपीएल में एक गंभीर मुद्दा माना जाता है और बार-बार गलती होने पर सजा और भी कड़ी हो सकती है। इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 23 रन से जीत दर्ज की। यह उनकी इस सीजन की पहली जीत रही। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम पर दबाव बढ़ गया है। अब चेन्नई की टीम का अगला मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा, जहां वे अपनी जीत की लय बरकरार रखना चाहेंगे।