बेगूसराय में छापेमारी के दौरान बम धमाका, 5 पुलिसकर्मी घायल

Follow Us

बेगूसराय। बिहार के बेगूसराय में शनिवार को छापेमारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जब पुलिस टीम अचानक बम विस्फोट की चपेट में आ गई। इस घटना में दो एएसआई और एक एसटीएफ जवान समेत कुल पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, दरभंगा में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट के मामले में पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम जांच के लिए नावकोठी थाना क्षेत्र के वृंदावन गांव पहुंची थी। पुलिस को सूचना मिली थी कि, लूटे गए जेवरात गांव के एक बगीचे में जमीन के नीचे छिपाए गए हैं। डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर के साथ सर्च ऑपरेशन चल रहा था, तभी झाड़ियों में छिपाकर रखा गया देसी बम अचानक फट गया। धमाका इतना तेज था कि, मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल पुलिसकर्मियों में एएसआई विपिन कुमार ओझा, महिला एएसआई गुड़िया कुमारी और एसटीएफ जवान मृत्युंजय कुमार शामिल हैं।

यह पूरा मामला 3 अप्रैल को हुई ‘प्रेम ज्वेलर्स’ लूट से जुड़ा है, जिसमें अपराधियों ने करीब 700 ग्राम सोना, 25 किलो चांदी और नकदी लूट ली थी। पुलिस के अनुसार, इस वारदात की साजिश जेल के अंदर रची गई थी। अब तक इस केस में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी को नोएडा से पकड़ा गया था, जिसकी निशानदेही पर पहले भी बड़ी मात्रा में चांदी और सोना बरामद हुआ था। फिलहाल पुलिस ने इलाके को सील कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और अन्य विस्फोटकों की तलाश जारी है।