कटिहार। बिहार के कटिहार जिले के प्राणपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह हत्या प्रेम त्रिकोण के कारण की गई थी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि बुधवार से लापता इंदल कुमार रविदास का शव शनिवार को जलकुंभी से भरे जलाशय (नदी धार) से बरामद किया गया। इंदल बुधवार को घर से निकले थे और उसके बाद उनका कोई पता नहीं चल सका। परिजनों ने उनकी तलाश के लिए कई प्रयास किए, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। शनिवार को नदी धार में एक युवक का शव तैरता पाया गया, जिसे देखकर परिजन और पुलिस वहां पहुंची और शव बरामद किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में एक महिला और दो पुरुषों—अमरजीत कुमार और मोहन कुमार—को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक इंदल कुमार रविदास की गांव की एक शादीशुदा महिला से बातचीत होती थी, जिससे आरोपी अमरजीत कुमार भी प्रेम करता था। इसी कारण उन्होंने इंदल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। जांच में पता चला कि बुधवार को इंदल को महिला के बुलाने पर फोन किया गया और उसके बाद आरोपी अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को जलाशय में फेंक दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
चार दिनों से लापता युवक का मिला शव, हत्या के आरोप में महिला समेत 3 गिरफ्तार।
