मुजफ्फरनगर में बड़ा हादसा: चलती स्कूल वैन में लगी आग, 5 बच्चे और चालक घायल

Follow Us

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक चलती वैन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वैन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसमें सवार 5 बच्चे और चालक झुलस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और सूचना मिलते ही पुलिस पहुंचकर सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

आपको बता दें कि घटना पुरकाजी क्षेत्र के समसो गांव में उस वक्त घटी, जब रोज की तरह स्कूल वैन बच्चों को लेकर आशीष इंग्लिश एकेडमी जा रही थी. इस दौरान वैन में अचानक आग लग गई. जैसे ही लोगों ने आग लगते देखा तो तत्काल वैन से बच्चों को बाहर निकाला और घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी. हालांकि, इस दौरान बच्चे और चालक आग की लपटों में झुलस गए थे.

वहीं जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग में झुलसे बच्चों और चालक को अस्पताल भिजवाया. साथ ही स्थानीय लोगों की मदद से वैन में लगी आग को बुझाया. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है. शुरुआती जांच में आग लगने के पीछे की वजह को तकनीकी खराबी सामने आई है. जांच के बाद ही आग लगने के पीछे की असल वजह का पता चल सकेगा.