विस चुनाव: असम, केरल और पुदुचेरी में बंपर वोटिंग

Follow Us

नई दिल्ली। दो राज्यों असम और केरल और एक केंद्र शासित प्रदेश पुदुचेरी में गुरूवार को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो गया। दोनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में एक ही चरण में मतदान कराए गए। शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, असम में सबसे अधिक 84.42 प्रतिशत मतदान हुआ है। पुदुचेरी में 86.92 प्रतिशत और केरल में 75.01 प्रतिशत वोट पड़ चुके हैं। केरल की 140, असम की 126 और पुदुचेरी की 30 सीटों पर जनता का फैसला ईव्हीएम में कैद हो गया है। असम में बीजेपी, केरल में लेफ्ट फ्रंट और पुडुचेरी में एनआर कांग्रेस गठबंधन के लिए यह चुनाव सत्ता की बड़ी परीक्षा है, जिसके नतीजे 4 मई को आएंगे। असम में जहां बीजेपी एक बार फिर सरकार बनाने की उम्मीद लगाए बैठी है, वहीं केरल में लेफ्ट फ्रंट की नजर लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज करने पर है। पुडुचेरी की बात करें तो यहां एन. रंगास्वामी की पार्टी चौथी बार सत्ता में आने के लिए पूरी जान लगा रही है।

केरल और पुडुचेरी के समीकरण
केरल में इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है, जहां बीजेपी, सत्ताधारी लेफ्ट और कांग्रेस आमने-सामने हैं। जानकारों का मानना है कि इस बार केरल में बीजेपी पहले से बेहतर खेल दिखा सकती है। वहीं पुडुचेरी में रंगास्वामी की एनआर कांग्रेस (बीजेपी- एआईएडीएमके गठबंधन) और कांग्रेस-डीएमके के बीच सीधी भिड़ंत है।

असम में परिसीमन के बाद पहला मुकाबला
असम में असली टक्कर बीजेपी और कांग्रेस के बीच मानी जा रही है। खास बात यह है कि 2023 में हुए विवादित परिसीमन (सीमाओं के बदलाव) के बाद यह राज्य का पहला चुनाव है। इस प्रक्रिया में उन इलाकों की सीमाएं बदली गई थीं जहां मुस्लिम वोट काफी मायने रखते हैं, इसलिए इस बार का मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।