बलौदाबाजार। कसडोल ब्लॉक के ग्राम कटगी में अवैध शराब बिक्री को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। शिकायत से नाराज ढाबा संचालक द्वारा एक ग्रामीण के साथ मारपीट किए जाने के बाद गांव में तनाव फैल गया और आक्रोशित ग्रामीणों ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए ढाबा संचालक और उसके बेटे की पिटाई कर दी। घटना के बाद इलाके में स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसे पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कटगी में संचालित एक ढाबे में लंबे समय से अवैध शराब बेचे जाने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की जा रही थी। इस संबंध में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। इसी बीच शिकायत से बौखलाए ढाबा संचालक, जो स्थानीय स्तर पर कांग्रेस से जुड़ा बताया जा रहा है, ने एक ग्रामीण के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। आरोप है कि, उसने बाहर से लोगों को बुलाकर धमकाने की भी कोशिश की।
इस घटना की खबर फैलते ही गांव के लोग एकजुट हो गए और गुस्से में आकर ढाबा संचालक भागवत थवाईत और उसके बेटे संतोष थवाईत की पिटाई कर दी। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही कसडोल थाना पुलिस और बलौदाबाजार से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह मौके पर पहुंचे। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को काबू में किया गया और दोनों पक्षों को शांत कराया गया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया है। गांव में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में बताई जा रही है।
इस घटना ने जिले में अवैध शराब और कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि, समय रहते शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होने से ही स्थिति बिगड़ी। वहीं हाल के दिनों में जिले में चोरी और अवैध गतिविधियों के मामलों में भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अधिकारियों का कहना है कि, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
