आरंग। अवैध खनन और खनिज परिवहन पर सख्ती दिखाते हुए खनिज विभाग ने मंदिर हसौद क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव के नेतृत्व में टीम ने जांच के दौरान दो चूना पत्थर (क्रेशर) खदानों को सील कर दिया, साथ ही अवैध परिवहन में लगे 7 हाइवा वाहनों को भी जब्त किया गया है। कार्रवाई के दौरान खदान संचालकों के दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें आवश्यक अनुमतियां और कागजात अधूरे पाए गए। नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने तत्काल प्रभाव से खदानों को सील कर दिया।
जिन खदानों पर कार्रवाई हुई, उनमें मंदिर हसौद स्थित सीजी एग्रो फार्म (विपिन अग्रवाल एवं के.सी. अग्रवाल) और जय कुमार बजाज की खदान शामिल हैं। खनिज विभाग की टीम ने इस दौरान क्षेत्र में अवैध परिवहन पर भी कड़ी निगरानी रखी। जांच के दौरान 7 हाइवा वाहनों को पकड़ा गया, जिनमें एक वाहन रेत और 6 वाहन गिट्टी से भरे हुए थे। सभी वाहन बिना वैध दस्तावेजों के खनिज परिवहन करते पाए गए, जिससे शासन को राजस्व हानि हो रही थी। विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर आगे की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।
सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव ने कहा कि,अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि, खनिज विभाग के संचालक रजत बंसल के निर्देशानुसार अब खदान संचालन को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन सिस्टम लागू किया गया है। इसके जरिए खनन गतिविधियों की निगरानी आसान होगी और अवैध कार्यों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।
