गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही। जिले के गौरेला थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकली दो महिलाओं की जान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप कैंपर ने छीन ली। हादसा इतना भयावह था कि, दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी अनुसार, यह हादसा सुबह करीब 6:15 बजे आईटीआई सेमरा के पास मुख्य मार्ग पर हुआ। सारबहरा रोड निवासी बेला बाई पनसारी और सुशीला वर्मा प्रतिदिन की तरह सुबह सैर पर निकली थीं। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप कैंपर (क्रमांक MP 21 G 0992) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि, टक्कर लगते ही दोनों महिलाएं कई फीट दूर जा गिरीं और संभलने का मौका तक नहीं मिला।
हादसे के बाद बेकाबू पिकअप आगे बढ़ते हुए सड़क किनारे खड़ी एक बस से जा टकराई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों महिलाओं ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गौरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक सनत रात्रे ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। वहीं वाहन में सवार हेल्पर संदीप यादव इस हादसे में घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों मृतक महिलाओं के शवों को पीएम के लिए जिला अस्पताल की मर्च्यूरी में रखवा दिया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि, पिकअप वाहन कोरबा से कटनी की ओर जा रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि, मुख्य सड़कों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों की जान खतरे में पड़ रही है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश तेज कर दी है।
