सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के सरिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा जब्त किया है। पुलिस ने एक स्विफ्ट डिजायर कार से करीब 62 किलो 245 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है। वाहन सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 10 लाख 90 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि, एक कार के जरिए अवैध गांजा परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय के निर्देश पर सरिया थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम बोरिदा के पास घेराबंदी की। जैसे ही संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, चालक ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए वाहन छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर उसकी तलाशी ली, जिसमें 59 पैकेटों में भरा हुआ गांजा बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार जब्त गांजा का वजन 62 किलो से अधिक है और इसकी कीमत करीब 5 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है। वहीं, वाहन को मिलाकर कुल जुमला संपत्ति 10 लाख 90 हजार रुपये के आसपास बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में भी संदिग्धों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है।
थाना प्रभारी ने बताया कि, नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस टीम की सराहना भी की।
इस घटना के बाद क्षेत्र में नशा तस्करी के नेटवर्क को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।
