रायगढ़। गुमशुदा बच्चों और महिलाओं की तलाश के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने तत्परता और सतत प्रयासों से सकुशल बरामद कर लिया है। दोनों मामलों में पीड़िताओं के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
बता दें,पहला मामला थाना जूटमिल क्षेत्र का है, जहां 22 अप्रैल को एक 17 वर्षीय बालिका के घर से बिना बताए लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान बालिका के एक युवक सनत कुमार भट्ट (20 वर्ष) के संपर्क में होने की जानकारी सामने आई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस को दोनों के पंजाब के जालंधर में होने का पता चला। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल रवाना किया गया और वहां से बालिका को सकुशल बरामद कर लिया गया। जांच में सामने आया कि, आरोपी ने बालिका के साथ दुष्कर्म किया था, जिसके चलते उसके खिलाफ संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया।
वहीं,दूसरा मामला थाना पूंजीपथरा क्षेत्र का है, जहां 15 वर्षीय बालिका 1 मार्च की रात से लापता थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। खोजबीन के दौरान 6 अप्रैल को अंबिकापुर के खरसिंया नाका चौक के पास एक युवक के साथ बालिका को बरामद किया गया। पीड़िता के बयान के अनुसार आरोपी उसे बहला-फुसलाकर विभिन्न स्थानों पर ले गया और उसके साथ गलत कृत्य किया। मेडिकल रिपोर्ट में भी इसकी पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि, “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत लगातार गुमशुदा बच्चों की तलाश की जा रही है और इस अभियान में तेजी लाई गई है। दोनों बालिकाओं को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
