जांजगीर। सोशल मीडिया के जरिए बढ़ती ठगी और अपराध की घटनाओं के बीच एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती युवती के लिए बड़ा धोखा साबित हुई। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, यह मामला मुलमुला थाना क्षेत्र का है। पीड़िता की पहचान वर्ष 2022 में इंस्टाग्राम के माध्यम से आरोपी अनिकेत तांडे से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने खुद को भरोसेमंद बताते हुए युवती के करीब आना शुरू किया। आरोप है कि, उसने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और इसी विश्वास का फायदा उठाकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इतना ही नहीं, आरोपी युवती के घर भी पहुंचा और परिजनों के सामने खुद को एक निजी बैंक का कर्मचारी बताकर शादी का प्रस्ताव रखा। इस दौरान उसने परिवार का भरोसा जीतने की कोशिश की। लेकिन बाद में जब शादी की बात आगे नहीं बढ़ी और आरोपी का व्यवहार बदलने लगा, तब युवती को ठगी का अहसास हुआ।
बता दें,पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर पूरे मामले की शिकायत मुलमुला थाना में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की।
जांच के दौरान पता चला कि, आरोपी रायपुर के हीरापुर क्षेत्र में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने इस मामले के जरिए युवाओं को सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि, सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख मूंदकर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है। किसी भी रिश्ते को आगे बढ़ाने से पहले पूरी जानकारी और सावधानी बरतना जरूरी है।
