रायगढ़ में 57 नए एचआईवी पॉजिटिव मरीज मिलने से हड़कंप: स्वास्थ्य मंत्री बोले- घबराएं नहीं, सरकार के पास हैं पुख्ता इंतजाम

Follow Us

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य विभाग की जांच के दौरान एक साथ 57 लोगों के HIV पॉजिटिव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। इस मामले के सामने आते ही प्रदेश का स्वास्थ्य अमला पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इस बीच, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने स्थिति को संभालते हुए आम जनता से पैनिक न होने और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।

स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार केवल रायगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में विशेष अभियान चलाकर HIV संक्रमितों की पहचान के लिए सघन जांच कर रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जो भी मरीज जांच में पॉजिटिव पाए जा रहे हैं, उन्हें बिल्कुल भी घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि सरकार के पास उनके इलाज और देखभाल के लिए पर्याप्त मेडिकल इंतजाम मौजूद हैं।

इसके साथ ही, स्वास्थ्य मंत्री ने इस फैलते संक्रमण के पीछे एक मुख्य वजह युवाओं में बढ़ते नशे को भी बताया। उन्होंने कहा कि जो युवा प्रतिबंधित नशीली दवाओं या सीरिंज का इस्तेमाल नशे के लिए कर रहे हैं, उन पर पुलिस और प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है। जायसवाल ने जोर देकर कहा कि इस खतरे से निपटने के लिए सिर्फ सरकारी प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि समाज और परिवार को भी आगे आकर युवाओं को जागरूक करना होगा।